Showing posts with label kisan. Show all posts
Showing posts with label kisan. Show all posts

Friday, October 5, 2018

सोशल वर्क के छात्र-छात्राओं ने गांधी को याद करते हुये किया वृक्षारोपण

महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के मौके पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के महात्मा गांधी फ्यूजी गुरुजी समाज कार्य अध्ययन केन्द्र के छात्र- छात्रओं ने 150 पौधे लगाकर उन्हें याद किया।
पौधा रोपण की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने पौधा लगाकर किया। उसके उपरांत विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. के. के. सिंह एवं केंद्र के निदेशक प्रो. मनोज कुमार ने पौधा रोपण किया। उसके पश्चात केंद्र के सहायक प्रोफेसर क्रमशः डॉ. शिवसिंह बघेल, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. पल्लवी शुक्ला, गजानन एस.निलामे एवं केंद्र के बीएसडब्ल्यू, एमएसडब्ल्यू एवं एमफिल, पी-एच.डी. के विभिन्न सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने कुल मिलाकर 150 पौधे लगाए।
उक्त अवसर पर विभाग के निदेशक प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी को रचनात्मक तरीके से ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। हमने गांधी जी को रस्म अदायगी के तौर पर याद करने के बजाय पर्यावरण को समृद्ध करने के लिए 150 पौधे लागए हैं। इसमें आम, अमरूद, सीताफल, चीकू आदि फलदार पौधों के साथ- साथ पॉम, मेहंदी, मोरपंखी आदि के भी पौधे शामिल हैं। हमारे बच्चों ने मौजूदा पर्यावरणीय संकट के दौर में यह सराहनीय कार्य कर एक संदेश देने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र के छात्र- छात्रओं ने स्वतः ही एक- एक पौधे को लगाने से लेकर उसके पालन- पोषण की जिम्मेदारी ली है। गांधी जी को याद करते हुए हमें वर्तमान चुनौतियों के बरक्स रचनात्मक कार्य की दिशा में कदम उठाने की जरूरत है। इसी रास्ते गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।